ज्ञापन सौंपा, चेतावनी समस्या का समाधान न होने पर विद्युत विभाग की तालाबंदी की जाएगी
रुद्रपुर। विद्युत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता समेत अन्य लोग नवोदय पावर हाउस पहुंचे और अधिशासी अभियंता विद्युत का घेराव किया। इस दौरान लोगों ईई से नोक झोंक भी हुई। सोमवार को नगर निगम वार्ड संख्या 32 से तमाम लोग कांग्रेस पार्षद गौरव गिरी के नेतृत्व में विद्युत विभाग दफ्तर पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अभियंता का घेराव कर क्षेत्र में व्याप्त विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान पार्षद गौरव गिरी ने कहा कि वार्ड संख्या 32 नगर निगम का शहरी क्षेत्र होने के बावजूद यहां ग्रामीण क्षेत्रों की भांति घंटों अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण लोगों के घरेलू विद्युत उपकरण आए दिन खराब हो रहे हैं और आमजन को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बताया कि हंस विहार फेज-1, हंस विहार फेज-2, डिवाइन पार्क, आनंदम, फौजी मटकोटा सहित क्षेत्र में बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। उन्होंने ईई से सम्पूर्ण वार्ड संख्या 32 को शहरी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से जोड़ने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही क्षेत्र की विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।इस मौके पर संजय जुनेजा,मोहन खेड़ा,राकेश नौटियाल,विजय नेगी,नंदन सिंह रावत,तरुण गिरी, माधवी अधिकारी,कलावती अधिकारी,दुर्गा सुयाल,कमल राणा, चंद्र सुयाल,विमला पालीवाल, विमला देवी आदि मौजूद रहे।





