विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष दूत जूली बिशप से मुलाकात की और म्यांमार में तेजी से बदले हालात पर चर्चा की। बिशप इस समय भारत दौरे पर हैं। उन्होंने अप्रैल 2023 में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने म्यांमार के लिए विशेष दूत नियुक्त किया था। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, आज शाम दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र महासचिव की म्यांमार के लिए विशेष दूत जूली बिशप से मिलकर खुशी हुई। हमने सीमा स्थिरता, शरणार्थी स्थिति, म्यांमार से होने वाले अंतरराष्ट्रीय अपराधों और आर्थिक मदद पर चर्चा की। हमने राजनीतिक स्थिति पर भी विचार साझा किए। म्यांमार में 1 फरवरी 2021 को हुए सैन्य तख्तापलट के बाद से लोकतंत्र की बहाली की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। विरोधी समूहों ने भारत, चीन और बांग्लादेश की सीमाओं के आसपास कई महत्वपूर्ण व्यापारिक ठिकानों पर कब्जा किया है।
भारत के लिए म्यांमार एक महत्वपूर्ण पड़ोसी देश है, जिसकी 1,640 किलोमीटर लंबी सीमा नगालैंड और मणिपुर जैसे राज्यों से जुड़ी है। सीमा पर बढ़ती हिंसा और अस्थिरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनवरी में सीमा पर बाड़ लगाने की योजना की घोषणा की थी।