देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को लेकर विपक्ष का रवैया नकारात्मक है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए उन्हें ‘नाराज फूफा’ बताया और कहा कि प्रदेश में कोई भी अच्छी पहल होती है तो कांग्रेस को उससे परेशानी होने लगती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से उत्तराखंड इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड (UIIDB) का गठन किया गया है। सरकार का प्रयास सरकारी संसाधनों का बेहतर और पारदर्शी तरीके से उपयोग कर प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
धामी ने कांग्रेस के शासनकाल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पहले जमीनों के मामलों में पारदर्शिता की कमी के आरोप लगते रहे, जबकि उनकी सरकार ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
विकास और निवेश पर सियासी टकराव
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास की योजनाओं और निवेश से जुड़े सरकार के प्रयासों को लेकर जनता में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड में निवेश बढ़ाने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है। ऐसे में विपक्ष को भी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
वहीं, सरकार की भूमि नीति और UIIDB को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। भाजपा ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि सरकार का उद्देश्य सरकारी जमीन बेचना नहीं, बल्कि अनुपयोगी भूमि का आर्थिक उपयोग कर निवेश, रोजगार और राजस्व बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री के ताजा बयान से साफ है कि उत्तराखंड में विकास और सरकारी भूमि के इस्तेमाल को लेकर सत्तापक्ष और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है।





