Top 5 This Week

Related Posts

वाराणसी में यूपी ATS की मुठभेड़ में 30 लाख का इनामी TSPC कमांडर बृजेश गंझू ढेर

वाराणसी। उत्तर प्रदेश एटीएस ने रविवार तड़के वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TSPC) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को मुठभेड़ में मार गिराया। बृजेश पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। झारखंड सरकार ने उस पर 25 लाख और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 5 लाख रुपये का इनाम रखा था।

पुलिस के अनुसार, एटीएस को सूचना मिली थी कि बृजेश अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जाने वाला है। इसके बाद रविवार सुबह करीब पांच बजे लंका मैदान के पास एटीएस टीम ने घेराबंदी की और उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा है कि रुकने के बजाय बृजेश ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें बृजेश घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान बृजेश की ओर से चली गोलियां यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए गए हैं।

बृजेश गंझू झारखंड के चतरा जिले का रहने वाला था और प्रतिबंधित TSPC का प्रमुख बताया जाता था। वह NIA की वांछित सूची में भी शामिल था। फिलहाल पुलिस वाराणसी में उसकी मौजूदगी और उसके नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Popular Articles