दस से अधिक लोगों की मौत के बाद जागा एनएचएआई, दुर्घटना संभावित कट होंगे बंद; शेल्टर लेन से टक्कर का खतरा घटाने की तैयारी
हल्द्वानी। लालकुआं से काठगोदाम तक हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों और दस से अधिक लोगों की मौत के बाद अब एनएचएआई ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की कवायद शुरू की है। हाईवे पर मौत का सबब बन रहे अवैध कट बंद होंगे, वहीं पांच प्रमुख यू-टर्न पर शेल्टर लेन विकसित कर वाहनों को सुरक्षित मोड़ देने की व्यवस्था की जाएगी।
एनएचएआई शनि बाजार, हल्दूचौड़, मोटाहल्दू और महालक्ष्मी मंदिर समेत पांच स्थानों पर यू-टर्न को सुरक्षित बनाने के लिए शेल्टर लेन तैयार करेगा। इससे यू-टर्न लेने वाले वाहन मुख्य हाईवे पर अचानक नहीं रुकेंगे और पीछे से आने वाले वाहनों की टक्कर का खतरा कम होगा।
हादसों की आशंका वाले दस से अधिक कट चिह्नित किए गए हैं। इन्हें बंद कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। इसके अलावा शनि बाजार-गौलापार लिंक मार्ग को हाईवे से जोड़ने वाले जंक्शन के सुधार का काम भी शुरू हो गया है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अचल जिंदल ने बताया कि लालकुआं से हल्द्वानी के बीच हादसे रोकने के लिए यू-टर्न पर शेल्टर लेन विकसित की जा रही है। इससे वाहन सुरक्षित तरीके से यू-टर्न ले सकेंगे। कुछ अवैध कट बंद करने की योजना पर भी काम शुरू कर दिया गया है।




