2200 रुपये और सामान से भरा पर्स छीनकर हुए थे फरार, वोल्गा होटल के पास माल समेत दोनों गिरफ्तार
हल्द्वानी। रेलवे स्टेशन के पास राहगीर का पर्स झपटकर भागे दो युवकों की करतूत ज्यादा देर नहीं छिप सकी। बनभूलपुरा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को वोल्गा होटल के पास दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से छीना गया पर्स और उसमें रखी नगदी व अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम लूँगड़, थाना खनस्यु निवासी जय सिंह मेहता ने बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि रेलवे स्टेशन के पास दो अज्ञात युवकों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में 2200 रुपये नकद समेत अन्य सामान रखा था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया।
स्टेशन के आसपास तलाश, वोल्गा होटल के पास दबोचे
प्रकरण के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश और जांच शुरू की। इसी दौरान वोल्गा होटल के पास दोनों संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम तनुज उर्फ रौनक उर्फ नोना पुत्र यशपाल आर्य और अभय सिंह पुत्र बबलू सिंह, निवासी कुष्ठ आश्रम के पास, वार्ड नंबर-12 राजपुरा, के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को बरामद माल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में शामिल
कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल मोहम्मद अतहर शामिल रहे।





