भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में मंगलवार दोपहर आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विदेशी पर्यटकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में आठ पर्यटक घायल हो गए। बस में ब्रिटेन के 16 पर्यटक सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा सेवर थाना क्षेत्र के भवनपुरा गांव के पास दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। बस अलवर के सरिस्का से पर्यटकों को लेकर आगरा जा रही थी। पर्यटकों को भरतपुर के एक होटल में ठहरना था। इसी दौरान अचानक बस का हैंडल लॉक हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क पर पलट गई।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। आठ पर्यटकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले थे पर्यटक
बताया जा रहा है कि ब्रिटेन के ये पर्यटक साइकिल के माध्यम से भारत भ्रमण कर रहे थे। उनके साथ बस में साइकिलें भी रखी हुई थीं। दुर्घटना के दौरान बस में रखी साइकिलें पलटकर यात्रियों के ऊपर गिर गईं, जिससे कुछ पर्यटकों को चोटें आईं।
हाईवे पर लगा जाम
दुर्घटना के कारण आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। घटना की जानकारी मिलने पर खुफिया विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और विदेशी पर्यटकों से संबंधित जानकारी जुटाई, ताकि उनके दूतावास को सूचना दी जा सके।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।





