Top 5 This Week

Related Posts

राजपुरा में पेयजल संकट पर फूटा गुस्सा, भारी बारिश में जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन

हल्द्वानी। राजेन्द्र नगर राजपुरा क्षेत्र में नाले के पास पिछले कई दिनों से व्याप्त पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। भारी बारिश के बीच पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने छाता लेकर जल संस्थान के खिलाफ जोरदार रैली निकाली और विभाग के विरोध में जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति लंबे समय से बाधित है, जिससे करीब 50 परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पानी की समस्या के कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

युवा नेता एवं पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू ने कहा कि नाले के अंदर से गुजर रही पुरानी पेयजल लाइन को बदलकर नई पाइपलाइन बिछाने की स्वीकृति उनके लगातार प्रयासों से मिल चुकी है। बावजूद इसके ठेकेदार और जल संस्थान की लापरवाही के चलते अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर क्षेत्रवासियों को राहत नहीं दी गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जल संस्थान और संबंधित विभाग की होगी।

भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों ने घंटों तक जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र समस्या के समाधान की मांग उठाई। बाद में अधिकारियों द्वारा जल्द लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद लोग शांत हुए।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से पुष्पा देवी, मनीषा आर्या, संगीता आर्या, गुड्डी, पंकज कुमार, शोभित कुमार, नंदी, प्रियंका कश्यप, रिंकू आर्या, पनी राम, ममता देवी, गीता देवी, शकुंतला देवी, रोहित कुमार, गणेश आर्या, विद्या देवी और बसंती देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Popular Articles