हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पीड़ित का कहना है कि हमले में उसके कान का पर्दा फट गया, जिसका उसने सुशीला तिवारी चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) भी कराया है। मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
रेलवे कॉलोनी निवासी अनिल कुमार पुत्र हरिलाल रविदास ने थाना बनभूलपुरा में दी गई तहरीर में बताया कि 10 जुलाई की शाम वह बनभूलपुरा थाने के समीप शादाब कॉस्मेटिक की दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान बक्शी सांगवान पुत्र बलवंत सिंह निवासी नैकाना, रामगढ़ वहां पहुंचा और कथित रूप से उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट कर घायल कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि घटना के आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोगों ने बीच बचाओ करने का प्रयास किया लेकिन उसने उनकी एक न सुनी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमले के कारण उसका कान गंभीर रूप से घायल हुआ और 11 जुलाई को उसने सुशीला तिवारी अस्पताल में अपना मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें कान का पर्दा फटने की बात सामने आई।
अनिल कुमार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही तहरीर में कहा है कि भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए संबंधित आरोपी को जिम्मेदार माना जाए।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।




