Thursday, July 10, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

म.प्र भाजपा को मिला नया अध्यक्ष!

मध्यप्रदेश भाजपा को बुधवार को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया। हेमंत विजय खंडेलवाल ने राजधानी भोपाल में आयोजित एक समारोह में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में भाजपा नेतृत्व ने खंडेलवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके नेतृत्व में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वीडी शर्मा ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी।

हेमंत खंडेलवाल के नाम पर पार्टी ने सर्वसम्मति से मुहर लगाई, उनका चयन पूरी तरह निर्विरोध रहा। इसे भाजपा के भीतर अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की निगरानी में यह प्रक्रिया संपन्न हुई।

पदभार संभालने के बाद हेमंत खंडेलवाल ने अपने विचार भी साझा किए। उन्होंने कहा कि भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है और यही उसकी असली ताकत है। पार्टी एक परिवार की तरह है, जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान होता है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी सर्वोच्च है और जो इससे दाएं-बाएं होगा, उसे दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता और संगठन दोनों मिलकर आगे काम करेंगे और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि हेमंत खंडेलवाल एक आदर्श कार्यकर्ता हैं और उनका निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे अनुशासित राजनीतिक संगठन है। शर्मा ने यह भी कहा कि पार्टी की यह यात्रा अब खंडेलवाल के नेतृत्व में और मजबूती से आगे बढ़ेगी।

भाजपा के इस नए नेतृत्व से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बड़ी उम्मीदें हैं। आने वाले समय में पार्टी संगठन को दिशा देने और चुनावी तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी अब खंडेलवाल के कंधों पर होगी।

Popular Articles