Top 5 This Week

Related Posts

‘मैं एक बार फिर डरी हुई हूं…’, दो दोषियों को जमानत मिलने पर छलका बिलकिस बानो का दर्द

नई दिल्ली। 2002 के गुजरात दंगों के दौरान सामूहिक दुष्कर्म और परिवार के सदस्यों की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दो दोषियों को जमानत दिए जाने पर बिलकिस बानो ने गहरा दुख और नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि अदालत के इस फैसले ने उनके पुराने डर को फिर से जिंदा कर दिया है। वह अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंतित हैं। बिलकिस ने स्पष्ट किया कि वह इस आदेश को चुनौती देंगी और न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी।

बिलकिस बानो ने अपने वकील के माध्यम से जारी बयान में कहा कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने दूसरी बार उन्हें बुलाए और उनकी बात सुने बिना आदेश पारित कर दिया। उन्हें इस फैसले की जानकारी भी अदालत से नहीं, बल्कि मीडिया रिपोर्टों के जरिए मिली।

28 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर 2026 को मामले के 11 दोषियों में से दो, बिपिनचंद्र जोशी और प्रदीप मोढिया की उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी थी। न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति पीबी वराले की पीठ ने अपने आदेश में कहा था कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। साथ ही अपील में तथ्यों और कानून से जुड़े कई मुद्दों पर विचार किया जाना बाकी है।

24 साल से लड़ रही हैं न्याय की लड़ाई

बिलकिस बानो ने अपने बयान में कहा कि वर्ष 2002 में जब यह घटना हुई, तब वह महज 19 साल की थीं। उस घटना में उनका परिवार उजड़ गया और उनकी तीन साल की बेटी समेत परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि पिछले 24 वर्षों से वह अपने लिए और देश की अन्य महिलाओं के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि परिवार और दोस्तों के सहयोग से उन्होंने मुश्किलों के बाद अपनी जिंदगी दोबारा संवारने की कोशिश की थी। वह शांति से जीना और मुस्कुराना सीख रही थीं, लेकिन अदालत के ताजा फैसले ने उनके मन में फिर से असुरक्षा और भय पैदा कर दिया है।

बिलकिस ने कहा कि वह अपने बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के लिए इस आदेश के खिलाफ लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि कोई भी महिला, पीड़िता या नागरिक जीवनभर न्याय और सम्मान पाने के लिए संघर्ष करने को मजबूर नहीं होना चाहिए।

Popular Articles