Top 5 This Week

Related Posts

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में विद्यार्थियों का उत्साह, 35 हजार से अधिक निबंध अपलोड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ निबंध लेखन अभियान को विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। अब तक 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सीएम विद्यार्थी मंथन पोर्टल पर अपने निबंध अपलोड किए हैं।

अभियान के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से राज्य के विकास को लेकर अपने विचार साझा करने के लिए कहा गया है। निबंध लेखन के लिए पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी समेत आठ विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाएं और सुझाव प्रस्तुत किए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने 10 अगस्त को प्रदेश के करीब तीन लाख 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन मंथन किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों के उत्तराखंड की परिकल्पना को निबंध के माध्यम से सामने रखने का आह्वान किया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि विद्यार्थियों के विचारों का अवलोकन कर उपयोगी सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

अभियान के तहत चयनित 140 श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री और शासन के सचिवों के साथ विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा। साथ ही इन विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी अभियान में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि यह देश में अपनी तरह का पहला अभियान है, जिसमें जेनरेशन जी और अल्फा जेनरेशन के विद्यार्थी एक साथ भाग ले रहे हैं। पोर्टल पर लगातार निबंध अपलोड किए जा रहे हैं। अभियान में भाग लेने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है।

 

Popular Articles