हल्द्वानी। मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाली चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। मंगलवार देर रात करीब दो बजे तीन नकाबपोश चोर मेडिकल कॉलेज के गेटेड कैंपस में दाखिल हुए और एक ही बिल्डिंग में कई डॉक्टरों के फ्लैटों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले बंद पड़े फ्लैटों की रेकी की। इसके बाद उन्होंने सामने वाले फ्लैट का कुंडा बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर उनका विरोध न कर सके। फिर उन्होंने डॉक्टर के फ्लैट का ताला तोड़कर घर में रखी कीमती ज्वेलरी और नकदी समेट ली। बताया जा रहा है कि चोर चोरी का सामान डॉक्टर की पत्नी के पर्स में भरकर अपने साथ ले गए।
सुबह घटना का पता चलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़ित डॉक्टरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फुटेज में तीन नकाबपोश चोर देर रात दबे पांव बिल्डिंग में प्रवेश करते और वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
इस सनसनीखेज चोरी ने मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गेटेड कैंपस में सुरक्षा गार्ड तैनात होने और परिसर में पुलिस चौकी मौजूद होने के बावजूद चोरों का अंदर घुसना, कई फ्लैटों को निशाना बनाना और आराम से फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में भी जांच-पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा करने का दावा किया गया है।





