देहरादून। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को ‘यूनिटी मार्च वॉकथॉन’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय समरसता के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम की शुरुआत राजधानी देहरादून में ‘रन फॉर यूनिटी’ के तर्ज पर आयोजित वॉकथॉन से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने भाग लिया। वॉकथॉन का उद्देश्य देश के पहले गृह मंत्री सरदार पटेल के योगदान को स्मरण करना और उनके बताए मार्ग पर एकता व भाईचारे को बढ़ावा देना था।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत की एकता की नींव रखी। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के कारण ही सैकड़ों रियासतों का भारत में विलय संभव हुआ। उन्होंने कहा कि आज का यह वॉकथॉन युवाओं को उनके आदर्शों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित करने का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन त्याग, अनुशासन और सेवा की भावना से प्रेरित था। उनकी विचारधारा आज भी हर भारतीय को राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलकर मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। वॉकथॉन शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकला, जहां प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारों से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई और कहा कि उत्तराखंड सदैव देश की एकता, सुरक्षा और प्रगति के लिए समर्पित रहेगा।





