Top 5 This Week

Related Posts

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले पुलिस ने कसी कमर, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक की फुलप्रूफ तैयारी

एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, चप्पे-चप्पे पर सतर्कता और बेहतर यातायात प्रबंधन के निर्देश

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के आज प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता बरतने, आपसी समन्वय बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि वीआईपी ड्यूटी के दौरान जिम्मेदारी में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी कार्यालय नैनीताल रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीएफओ गौरव किरार, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद तथा जिले के थाना प्रभारी, यातायात और सीपीयू प्रभारी भी बैठक से जुड़े।

सुरक्षा पर पैनी नजर

मुख्यमंत्री के भ्रमण को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारी की है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Popular Articles