नाबालिग बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में छह घंटे के भीतर चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दिए थे सख्त निर्देश
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आने के बाद नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शहर में चर्चित ITI गैंग से जुड़े बताए जा रहे चारों आरोपियों को घटना की शिकायत मिलने के महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार युवकों ने नाबालिग बच्ची को डराया-धमकाया और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने स्वयं पूरे घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई की निगरानी की। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मामले में संलिप्त चारों नामजद आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिए गए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में नैनीताल पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई जारी रखेगी।




