मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के वडाला इलाके में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लोढ़ा जंक्शन के पास ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी दो कारें पीछे से आई एक बस की टक्कर के बाद आगे खड़ी दूसरी बस के बीच बुरी तरह कुचल गईं। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक पालतू कुत्ता भी चोटिल हुआ।
टक्कर से कारों के अंदर फंसे लोग
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच एक बेस्ट (BEST) बस ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी हुई थी। उसके पीछे दो कारें खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक निजी बस ने नियंत्रण खो दिया और दोनों कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार आगे खड़ी बस के पिछले हिस्से के नीचे जा फंसी। दोनों कारों में सवार लोग अंदर फंस गए।
क्रेन की मदद से निकाले गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है।
बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक के नियंत्रण खोने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इसमें तकनीकी खराबी, ब्रेक फेल होने या चालक की लापरवाही की आशंका की जांच की जा रही है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
हादसे के कारण व्यस्त मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया।





