Top 5 This Week

Related Posts

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से दुनिया में हड़कंप, ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी और पुलिस का काम भी प्रभावित

वाशिंगटन/सिडनी। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई वैश्विक तकनीकी खराबी का असर अब कई देशों की सरकारी एजेंसियों, बैंकों, स्कूलों और एयरलाइंस तक पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी और संघीय पुलिस का कामकाज भी प्रभावित हुआ है। वहीं, भारत में इंडिगो और अकासा एयर ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। माइक्रोसॉफ्ट 365, आउटलुक और टीम्स जैसी सेवाओं के ठप होने से दुनियाभर में लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी और पुलिस प्रभावित

ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा खुफिया संगठन (ASIO) के महानिदेशक माइक बर्गेस और ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस (AFP) की आयुक्त क्रिसी बैरेट ने पुष्टि की है कि उनकी संस्थाओं की सेवाएं भी इस तकनीकी खराबी से प्रभावित हुई हैं।

ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट ने इसे साइबर हमले का मामला नहीं माना है। कंपनी को आशंका है कि किसी तकनीकी अपडेट में गड़बड़ी के कारण यह समस्या पैदा हुई है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने माइक्रोसॉफ्ट के साथ अपने समझौते को सक्रिय कर दिया है, ताकि सरकारी सेवाओं को जल्द बहाल करने में प्राथमिकता मिल सके।

भारत में एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

भारत में इंडिगो ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के कारण उसकी ईमेल सपोर्ट सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इससे यात्रियों के सवालों का जवाब देने में देरी हो सकती है। हालांकि, एयरलाइन की उड़ान सेवाएं सामान्य हैं और अन्य ग्राहक सहायता माध्यम काम कर रहे हैं। अकासा एयर ने भी यात्रियों को ईमेल सेवाओं में संभावित देरी की जानकारी दी है।

जापान, हांगकांग और सिंगापुर में भी असर

जापान में सरकारी विभागों को ईमेल भेजने में परेशानी हुई। अधिकारियों ने जरूरी दस्तावेजों की भौतिक प्रतियां तैयार कर काम जारी रखा। हांगकांग में मॉर्गन स्टेनली और गोल्डमैन सैक्स जैसे वित्तीय संस्थानों के कर्मचारियों को भी परेशानी हुई। सिंगापुर में सरकारी ईमेल सेवाएं प्रभावित रहीं, जबकि फिलीपींस की अदालतों ने ईमेल और अन्य लेनदेन में देरी की आशंका जताई है।

माइक्रोसॉफ्ट सेवाएं बहाल करने में जुटी

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, एक्सचेंज ऑनलाइन और ईमेल से जुड़े सर्वरों में तकनीकी समस्या आई है। कंपनी ने कहा है कि उसे फिलहाल किसी साइबर हमले का प्रमाण नहीं मिला है। हालांकि, सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए गए शुरुआती प्रयास उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रहे।

कंपनी के इंजीनियर प्रभावित सर्वरों को ठीक करने और सेवाओं को सामान्य करने में जुटे हैं। इस आउटेज के कारण दुनिया के 74 देशों और क्षेत्रों में सेवाएं प्रभावित होने की शिकायतें दर्ज की गई हैं।

Popular Articles