Saturday, July 27, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

भारत का पश्चिम एशिया में युद्ध रोकने पर जोर

दुनियाभर में संघर्ष के बीच भारत ने ब्राजील में जी-20 मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान भू-राजनीतिक मुद्दों को रचनात्मक ढंग से संबोधित कर, साझा जमीन तैयार करने की जरूरत पर बल दिया। विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने रूस-यूक्रेन युद्ध को चर्चा व कूटनीति से हल करने तथा इस्राइल-हमास संघर्ष पर द्वि-राष्ट्र समाधान पर भरोसा जताया। भारत का जोर पश्चिम एशिया में युद्ध रोकने के प्रयासों पर रहा। ब्राजील में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर भारतीय विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने बहुपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। मुरलीधरन ने ये भी कहा कि इस्राइल-हमास के बीच जारी लड़ाई अब दुनिया में बढ़नी नहीं चाहिए। साथ ही उन्होंने समुद्री रास्तों की सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। ‘अंतरराष्ट्रीय तनाव से निपटने में जी-20 की भूमिका’ शीर्षक वाले सत्र में बोलते हुए, मुरलीधरन ने संघर्ष के कई बिंदुओं को छुआ और उन पर भारत के रुख की पैरवी की। उन्होंने कहा, भारत आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करता है और हमें पश्चिम एशिया में युद्ध को और अधिक फैलने से रोकने की हर संभव कोशिश करनी चाहिए। इसके लिए ठोस जमीन तैयार करनी होगी। लाल सागर में समुद्री जहाजों पर हमलों का जिक्र करते हुए, उन्होंने समुद्रों में सुरक्षा की जरूरत पर जोर दिया और समुद्री मार्गों की सुरक्षा जरूरी बताई। उन्होंने भू-राजनीतिक मुद्दों को रचनात्मक रूप से संबोधित करने और आम जमीन खोजने की जरूरत पर भी ध्यानाकर्षित किया।

Popular Articles