नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकप्रिय वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6’ (GTA 6) की लॉन्चिंग के मौके को देश की विकास यात्रा से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा की है। इसमें उन्होंने वर्ष 2013 में GTA-5 की रिलीज से लेकर 2026 में GTA-6 की लॉन्चिंग तक भारत में हुए बदलावों और उपलब्धियों को दर्शाया है। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, ”भारत अब एक बिल्कुल नया गेम खेल रहा है।”
प्रधानमंत्री की इस पोस्ट में कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली यूपीए सरकार पर भी निशाना साधा गया है। GTA गेम की पहचान माने जाने वाले ‘प्राइसडाउन’ फॉन्ट में तैयार की गई तस्वीरों के जरिए भारत की आर्थिक और तकनीकी प्रगति को दिखाया गया है।
पोस्ट में दावा किया गया है कि भारत पहले ‘फ्रैजाइल-5’ अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, लेकिन अब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है। इसके अलावा पिछले एक दशक में गरीबी में कमी, स्वच्छता अभियान की उपलब्धियों और सौर ऊर्जा क्षमता में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया गया है।
प्रधानमंत्री ने देश में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में 440 पंजीकृत स्टार्टअप, विद्युतीकरण में सुधार और हाई-स्पीड इंटरनेट की कीमतों में आई गिरावट को भी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में पेश किया। पोस्ट के मुताबिक, इंटरनेट की कीमत 308 रुपये प्रति जीबी से घटकर 7.51 रुपये प्रति जीबी रह गई है।
इसके साथ ही भारत के रक्षा निर्यात में बढ़ोतरी और नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में आई कमी को भी विकास की तस्वीर के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
प्रधानमंत्री की यह पोस्ट युवाओं और गेमिंग समुदाय से जुड़ने की एक अलग कोशिश के तौर पर देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा होने के कुछ ही मिनटों में इसे हजारों लाइक्स और कमेंट मिले। कई यूजर्स ने प्रधानमंत्री के इस अनोखे अंदाज की सराहना की।
GTA-6 की लॉन्चिंग ने जहां दुनियाभर के गेमिंग प्रेमियों का ध्यान खींचा है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने इसी लोकप्रिय गेम के जरिए पिछले 13 वर्षों में भारत में हुए बदलावों को राजनीतिक और विकासात्मक संदेश के रूप में पेश किया है।





