Top 5 This Week

Related Posts

बिना इजाजत चल रहे मदरसों पर प्रशासन का शिकंजा, बनभूलपुरा में दो सील

दस्तावेज नहीं दिखा सके संचालक, संयुक्त टीम ने मौके पर की जांच; बिना अनुमति संस्थान चलाने वालों को कार्रवाई की चेतावनी

हल्द्वानी। बनभूलपुरा में बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे मदरसों पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चल गया। प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर दो मदरसों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान संचालकों से संस्थान के संचालन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर आवश्यक वैध अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जा सके।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका आर्य की मौजूदगी में टीम ने दोनों संस्थानों की जांच की। अधिकारियों ने संचालकों से बातचीत कर अनुमति और मान्यता से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। दस्तावेजों के अभाव में प्रशासन ने दोनों मदरसों को सील कर दिया।

मदरसा बोर्ड भंग, अब अनुमति जरूरी

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम के गठन के बाद मदरसा बोर्ड भंग किया जा चुका है। ऐसे में मदरसों के संचालन के लिए शिक्षा विभाग और उत्तराखंड मदरसा प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर किसी भी शिक्षण संस्थान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

बिना अनुमति चलाने वालों पर आगे भी कार्रवाई

प्रशासन ने साफ किया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति संचालित हो रहे संस्थानों की जांच जारी रहेगी। जिन संस्थानों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दो मदरसों पर हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित संस्थानों के संचालकों में खलबली मची हुई है।

दस्तावेजों की जांच के बाद सील

संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मदरसों के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। आवश्यक वैध अनुमति नहीं मिलने पर दोनों संस्थानों को सील कर दिया गया।

प्रशासन की दो टूक

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षण संस्थान चलाने के लिए निर्धारित नियमों और अनुमति की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बिना अनुमति संचालन मिलने पर आगे भी कार्रवाई होगी।

Popular Articles