Top 5 This Week

Related Posts

बिंदुखत्ता में बड़ी चोरी से मचा हड़कंप, घर के सदस्यों को कमरों में बंद कर 22 तोला सोना और चांदी के जेवरात ले उड़े चोर

लालकुआं। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। सुभाष नगर के समीप दवाई फार्म निवासी गोधन सिंह बिष्ट के घर हुई इस वारदात में चोर करीब 22 तोला सोना और चार तोला चांदी के आभूषण ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

परिजनों के मुताबिक, चोरी की वारदात बुधवार देर रात करीब 12 से दो बजे के बीच हुई। चोरों ने पहले घर के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं। इसके बाद जेवरात रखे कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे बक्सों को खंगाल लिया। इन बक्सों में गोधन सिंह की पत्नी और उनकी तीन बहुओं के आभूषण रखे हुए थे।

गोधन सिंह बिष्ट ने बताया कि रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर कमरे की कुंडी बाहर से बंद होने की जानकारी दी। वह ऊपर पहुंचे और कमरों की कुंडियां खोलीं। इसके बाद जब जेवरात वाले कमरे का टूटा ताला देखा तो चोरी का पता चला।

चोर घर से झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली समेत करीब 22 तोला सोने के आभूषण ले गए। इसके अलावा चार तोला चांदी के आभूषणों में पायल, कंगन, बिछुए और अंगूठियां भी शामिल हैं।

एक सप्ताह पहले भी हुई थी चोरी की कोशिश

क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। करीब एक सप्ताह पहले सुभाष नगर निवासी धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया था, हालांकि वे अपने मकसद में सफल नहीं हो सके।

सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Popular Articles