Top 5 This Week

Related Posts

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला, BLA का दावा- 25 सैन्यकर्मी मारे गए

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर बड़ा हमला हुआ है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने गुरुवार को दो अलग-अलग हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि इनमें पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के 25 सैन्यकर्मी मारे गए और तीन सैन्य वाहन नष्ट हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से इन दावों की तत्काल पुष्टि नहीं की गई है।

BLA के प्रवक्ता के अनुसार, पहला हमला जियारत क्रॉस के पास सेना के एक काफिले को निशाना बनाकर किया गया। संगठन का दावा है कि काफिले के चार वाहनों में से दो को नष्ट कर दिया गया। शुरुआती दावे में 18 सैन्यकर्मियों के मारे जाने की बात कही गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 कर दिया गया। संगठन ने यह भी दावा किया कि उसके लड़ाकों ने मौके से हथियार अपने कब्जे में लिए।

सुराब में विस्फोट से सात की मौत का दावा

दूसरी घटना सुराब के हजीका क्षेत्र में हुई। BLA के मुताबिक, उसके विशेष सामरिक अभियान दस्ते ने विस्फोटकों से लदे वाहन को दूर से विस्फोट कर पाकिस्तानी सैन्य वाहन को निशाना बनाया। इस हमले में सात सैन्यकर्मियों के मारे जाने का दावा किया गया है।

BLA ने जियारत क्रॉस हमले से जुड़ा एक वीडियो ट्रेलर भी जारी करने का दावा किया है। संगठन के अनुसार, इसमें हमले के बाद की तस्वीरें दिखाई गई हैं। BLA ने कहा है कि घटना का पूरा वीडियो बाद में जारी किया जाएगा।

बलूचिस्तान में बढ़ रहा उग्रवाद

बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी हिंसा से प्रभावित रहा है। BLA और अन्य बलूच सशस्त्र संगठन पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के अलावा सरकारी प्रतिष्ठानों, रेलवे और चीन से जुड़ी परियोजनाओं को भी निशाना बनाते रहे हैं। हाल के वर्षों में इस क्षेत्र में हिंसक घटनाओं में तेजी आई है।

फिलहाल जियारत क्रॉस और सुराब में हुए ताजा हमलों को लेकर पाकिस्तान सरकार और सेना की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। ऐसे में 25 सैन्यकर्मियों के मारे जाने का आंकड़ा फिलहाल BLA के दावे पर आधारित है।

Popular Articles