Top 5 This Week

Related Posts

बरसात में चोरों का राज! अंबिकापुरम में सूने मकान से लाखों के जेवर साफ

रात के अंधेरे में बेखौफ चोरों का दुस्साहस, सीसीटीवी कैमरे भी नहीं रोक पाए वारदात

हल्द्वानी। शहर में बरसात के साथ चोरी की वारदातों का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि घनी आबादी और सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के बावजूद सूने मकानों को निशाना बनाया जा रहा है। अंबिकापुरम कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के जेवर और करीब 15 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

अंबिकापुरम स्थित जागनाथ भवन में रहने वाले जय कृष्ण भट्ट का निधन हो चुका है। उनकी पत्नी पिछले करीब दो माह से इलाज के सिलसिले में अपने बेटों के पास दिल्ली में रह रही हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए।

सुबह दरवाजा टूटा देखकर आसपास के लोगों ने ग्राम प्रधान रुक्मणी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

परिजनों के अनुसार घर में करीब ढाई से तीन तोले की सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी, कानों के झुमके समेत अन्य जेवर रखे थे। इसके अलावा करीब 15 हजार रुपये की नगदी भी घर में थी। चोर जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए।

मोबाइल छोड़ गए, जेवर ले उड़े!

वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की शातिराना हरकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घर में रखा मोबाइल फोन तक उन्होंने हाथ नहीं लगाया। चोरों का निशाना सिर्फ कीमती सामान पर था। सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।

सीसीटीवी के बावजूद बेखौफ चोर

घनी आबादी के बीच सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बावजूद चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि चोर इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं तो रात्रि गश्त और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। बरसात के मौसम में सूने मकानों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों में दहशत का माहौल है।

Popular Articles