हल्द्वानी। मानसून के बीच चोरगलिया रोड पर अधूरी पड़ी सुरक्षा दीवार को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य में तेजी लाने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग के नव नियुक्त अधीक्षण अभियंता राजेश पंत ने कार्यभार संभालते ही रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल को जोड़ने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा दीवार और सड़क के पुनर्निर्माण कार्य की स्थिति का अवलोकन किया तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान इस मार्ग का एक हिस्सा धंस गया था, जिसके बाद सुरक्षा दीवार और सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। लेकिन कई महीने बीतने के बावजूद निर्माण अधूरा होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में नाराजगी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान अधूरी सुरक्षा दीवार दुर्घटना का कारण बन सकती है।
अधीक्षण अभियंता राजेश पंत ने बताया कि विभाग शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु यातायात के लिए तैयार किया जाएगा।




