रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष विजय कपरूवान ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इस तरह की घटना सामने आना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
विजय कपरूवान ने बताया कि यह मामला दो जुलाई को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आया था। इसके बाद मंदिर समिति ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कराई। मामले की जांच के लिए समिति की ओर से टीम गठित की गई है, जबकि शासन स्तर से भी अधिकारियों की टीम बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक वैदिक सहायक (अनुष्ठान सहायक) का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और वास्तविक स्थिति क्या है।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने मंदिर परिसर और संबंधित स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाने तथा निगरानी व्यवस्था बढ़ाने पर जोर दिया। समिति की ओर से एक समर्पित सुरक्षा टीम बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं को लेकर बीकेटीसी ने जांच शुरू की है। आरोपों के बाद एक कर्मचारी को निलंबित किया गया था और जांच समितियों का गठन किया गया। मामले में सीसीटीवी फुटेज और संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
विजय कपरूवान ने कहा कि बदरीनाथ धाम के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है और मंदिर समिति पूरी पारदर्शिता के साथ जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।





