Top 5 This Week

Related Posts

फेसबुक से हुई दोस्ती बनी मुसीबत, विवाह के बाद युवती को धमकाने का आरोप

एसएसपी से लगाई गुहार, कहा— शादी तुड़वाने की धमकी देकर रिश्तेदारों को भेज रहा अश्लील संदेश

हल्द्वानी। फेसबुक पर हुई दोस्ती एक विवाहिता के लिए परेशानी का कारण बन गई है। हल्द्वानी निवासी एक युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि विवाह से पहले परिचित युवक अब उसकी शादीशुदा जिंदगी बर्बाद करने की धमकियां दे रहा है। युवती का कहना है कि आरोपी उसके रिश्तेदारों को अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेज रहा है तथा जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मानपुर पश्चिम ट्रांसपोर्ट नगर, तीनपानी बाईपास रोड निवासी ज्योति कश्यप ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से रुद्रपुर निवासी विकास कश्यप से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य मित्रता रही, लेकिन बाद में युवक ने विवाह का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी बिना इच्छा के उपहार देने और ऑनलाइन पैसे भेजने का प्रयास करता था, जिन्हें वह वापस कर देती थी।

शिकायत में कहा गया है कि एक बार आरोपी उसे झांसा देकर हल्द्वानी के एक होटल में ले गया, जहां उसने किसी भी अनुचित हरकत से इनकार किया, लेकिन बाद में युवक लगातार उस पर शादी का दबाव बनाता रहा। विरोध करने पर वह उसके कार्यालय के बाहर पहुंचने लगा और साथ चलने का दबाव बनाते हुए मना करने पर घर जाकर हंगामा करने की धमकी देता था।

युवती ने बताया कि फरवरी 2026 में उसका विवाह हो गया। विवाह की जानकारी मिलने के बाद आरोपी कथित तौर पर उसके मामा, भाई और अन्य रिश्तेदारों के व्हाट्सएप नंबरों पर आपत्तिजनक संदेश भेजने लगा। इतना ही नहीं, वह ससुराल का पता और फोन नंबर मांगते हुए इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। शिकायत के साथ व्हाट्सएप संदेशों की प्रतियां भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई हैं।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी की लगातार हरकतों से उसका पूरा परिवार भयभीत है और वह स्वयं मानसिक तनाव से गुजर रही है। उसे आशंका है कि आरोपी उसके या उसके परिजनों के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।

युवती ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Popular Articles