मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेका और अरदास में हिस्सा लिया। इस अवसर पर पंज प्यारे भी मौजूद रहे। फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो सहित कई गणमान्य व्यक्ति समारोह में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुद्वारे में उपस्थित भारतीय प्रवासी समुदाय और स्थानीय सिख संगत के सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में पहुंचकर वह स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क संबंधों का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
1901 में हुई थी स्थापना
विदेश मंत्रालय के अनुसार, गुरुद्वारा खालसा दीवान की स्थापना वर्ष 1901 में हुई थी। वर्ष 1903 में इसे औपचारिक रूप दिया गया और 1924 में खालसा दीवान के नाम से पंजीकृत किया गया। इसे फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा माना जाता है। यह लंबे समय से मनीला में सिख समुदाय के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
305 मिलियन फिलीपीन पेसो की आएगी लागत
पुनर्विकास योजना के तहत मौजूदा इमारत की जगह आधुनिक पांच मंजिला परिसर बनाया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 305 मिलियन फिलीपीन पेसो (करीब 50 लाख अमेरिकी डॉलर) खर्च होने का अनुमान है। नए परिसर में पार्किंग, सामुदायिक गतिविधियों के लिए हॉल, धार्मिक कार्यक्रमों के लिए स्थान और लंगर हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निर्माण कार्य दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
भारत-फिलीपींस संबंधों को मिलेगी मजबूती
विदेश मंत्रालय ने गुरुद्वारे को भारतीय-सिख समुदाय और फिलीपींस के समाज के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताया। प्रधानमंत्री की इस यात्रा को दोनों देशों के सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। मोदी इन दिनों फिलीपींस के दौरे पर हैं और 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन तथा 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी भाग ले रहे हैं।




