Top 5 This Week

Related Posts

प्रेम विवाह के बाद 5 लाख दहेज की मांग, तीन तलाक देकर घर से निकाला!

दो बेटियों को भी अपने पास रखने का आरोप, पति समेत ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। प्रेम विवाह के बाद दहेज की मांग, मारपीट और तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। चौधरी कॉलोनी, गौजाजाली निवासी फरहीन नाज ने पति फैसल अंसारी समेत ससुरालियों पर पांच लाख रुपये मांगने, प्रताड़ित करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर बनभूलपुरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला के मुताबिक, उसका निकाह 28 सितंबर 2021 को फैसल से हुआ था। आरोप है कि शादी के चार महीने बाद ही ससुराल वाले दहेज के लिए ताने देने लगे और पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। पिता की ओर से स्कूटी और मोटरसाइकिल देने के बावजूद उत्पीड़न जारी रहा।

पीड़िता का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। बाद में उसने दो बेटियों को जन्म दिया, लेकिन दूसरी बेटी पैदा होने पर भी उसे प्रताड़ित किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि 19 मई 2026 को पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और घर से निकालकर दोनों बेटियों को अपने पास रख लिया।

पीड़िता के अनुसार, 29 मई को पति और उसके परिजन बेटियों को लेकर मायके पहुंचे, जहां विवाद के दौरान उसके और उसके पिता के साथ मारपीट की गई। हमले में दोनों घायल हुए और उन्हें बेस अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।

महिला ने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आरोपों की जांच जारी है।

Popular Articles