Friday, June 20, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

‘पुतिन की मति मारी गई है…’, यूक्रेन पर रूस के ताबड़तोड़ ड्रोन हमलों से भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन को लेकर अब सब्र खोते जा रहे हैं। उन्होंने पुतिन की कड़ी आलोचना की, क्योंकि मॉस्को ने लगातार तीसरी रात यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य शहरों पर ड्रोन और मिसाइल हमला जारी रखे हैं। ट्रंप ने रविवार की रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मेरा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हमेशा बहुत अच्छा संबंध रहा है। लेकिन अब उनके साथ कुछ तो हुआ है। उनकी मति मारी गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन बेवजह बड़ी संख्या में लोगों की जान ले रहे हैं। यूक्रेन के शहरों पर बिना किसी कारण के मिसाइल और ड्रोन से हमले किए जा रहे हैं।
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, फरवरी 2022 में रूस की ओर से पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू होने के बाद से अब तक का यह सबसे बड़ा हवाई हमला था। इसमें 12 लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर पुतिन पूरे यू्क्रेन पर कब्जा करना चाहते हैं, तो यह रूस को पतन की ओर ले जाएगा। हालांकि, ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को लेकर भी नाराजगी जताई और कहा कि वह जिस तरह से बोल रहे हैं, उससे वह अपने देश की कोई मदद नहीं कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, उनके (वोलोदिमिर जेलेंस्की) मुंह से निकली हर बात मुश्किलें पैदा करती हैं। मुझे यह पसंद नहीं है और उन्हें अब रुक जाना चाहिए।

राष्ट्रपति ट्रंप तीन साल से जारी युद्ध के अब तक खत्म न होने पर चिंता जताते रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान चुनाव प्रचार में वादा किया था कि अगर वह सत्ता में लौटते हैं तो इस युद्ध को जल्दी खत्म कर देंगे। ट्रंप लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि उनके पुतिन से अच्छे संबंध हैं और उन्होंने कई बार यह भी कहा कि यूक्रेन से ज्यादा रूस शांति समझौते के लिए तैयार है। लेकिन पिछले महीन रूस ने जब यूक्रेन पर एक और घातक हमला किया तो ट्रंप ने पुतिन से हमले रोकने की अपील की थी।

Popular Articles