Top 5 This Week

Related Posts

पानी की बूंद-बूंद को तरसे इंदिरा नगर के लोग, खाली बाल्टियां लेकर सड़क पर उतरे, उग्र आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी। शहर के वार्ड संख्या-32 स्थित इंदिरा नगर छोटी सड़क क्षेत्र में पिछले कई महीनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पूरी-पूरी रात पानी का इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई परिवारों को एक बाल्टी पानी तक नसीब नहीं हो रहा। लगातार बनी इस समस्या से नाराज महिलाओं, पुरुषों और बच्चों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा।

क्षेत्रवासियों ने खाली बाल्टियां लेकर इंदिरा नगर छोटी सड़क पर प्रदर्शन किया और जल संस्थान व नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पानी की किल्लत के कारण घरों का दैनिक कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्कूल, मस्जिद, मंदिर और अन्य सार्वजनिक स्थान भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र की पार्षद फईम जेबा तथा पूर्व पार्षद शकील अहमद सलमानी ने जल संस्थान के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय जनता के साथ मिलकर बड़ा और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

आंदोलन में समाजसेवी एवं वार्ड प्रतिनिधि हैदर अली, शब्बीर अहमद अल्वी, वकील अहमद, विरासत अली, हामिद हुसैन, श्रीमती शोभा देवी, श्रीमती शांति देवी, श्रीमती विमला देवी, श्रीमती रेशम, श्रीमती इम्तियाज, श्रीमती जेबुन्निसा, श्रीमती मेहताब जहां, श्रीमती गुलाब शाह सहित बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने जल संस्थान के खिलाफ उग्र आंदोलन तेज करने की चेतावनी देते हुए जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

Popular Articles