नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अब तक 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इनमें 14 नाविक शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई। मंत्रालय ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थित भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों तथा भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की जान जाना बेहद दुखद है। भारत सरकार स्थिति पर करीबी नजर रख रही है और वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित देशों के साथ समन्वय कर रही है।
सऊदी अरब में तीन भारतीयों की मौत
विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब में क्षेत्रीय तनाव से जुड़ी घटनाओं में तीन भारतीय नागरिकों की मौत की भी जानकारी दी। भारतीय मिशन प्रभावित परिवारों और अन्य भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए सक्रिय हैं। सरकार ने कहा कि क्षेत्र में रह रहे भारतीय कामगारों और समुद्री कर्मियों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।
भारतीय नागरिकों के लिए नई यात्रा सलाह
पश्चिम एशिया में उड़ानों के संचालन पर पड़ रहे असर को देखते हुए जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भारतीय नागरिकों, विशेषकर उमराह के लिए गए तीर्थयात्रियों को नई यात्रा सलाह जारी की है। इसमें उपलब्ध उड़ानों और भारत लौटने के वैकल्पिक विकल्पों की जानकारी दी गई है।
वाणिज्य दूतावास के अनुसार, जेद्दा और मदीना से सऊदी एयरलाइंस सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियां भारत के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं। वहीं, दम्माम और रियाद से फ्लाइनास ने लखनऊ, मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, कोझिकोड और कोच्चि जैसे शहरों के लिए अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा की है।
भारतीयों से सतर्क रहने की अपील
विदेश मंत्रालय ने प्रभावित देशों में मौजूद भारतीय नागरिकों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और भारतीय दूतावासों की ओर से जारी सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील की है। सरकार स्थिति के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और सुरक्षित वापसी के विकल्पों पर काम कर रही है।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण नागरिकों और समुद्री परिवहन की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। भारत लगातार अपने नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति बनाए रखने पर जोर दे रहा है।





