Top 5 This Week

Related Posts

पंजाब में बिजली संकट के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, बिजली विभाग की कमान बदली

चंडीगढ़। पंजाब में गहराते बिजली संकट और लगातार हो रही बिजली कटौती के बीच राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने बिजली विभाग और पावर निगमों की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बसंत गर्ग को इस प्रभार से हटा दिया है। उनकी जगह 2001 बैच के आईएएस अधिकारी गुरकीरत कृपाल सिंह को बिजली विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राज्यपाल की मंजूरी के बाद मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से जारी आदेश के अनुसार बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। गुरकीरत कृपाल सिंह को बिजली विभाग के साथ-साथ पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSTCL) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।

वहीं, 2005 बैच के आईएएस अधिकारी बसंत गर्ग को प्रशासनिक सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग नियुक्त किया गया है। उन्हें पूंजी प्रोत्साहन तथा सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग प्रोत्साहन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

बिजली संकट के बीच अहम फैसला

पंजाब में इस समय बिजली की मांग काफी बढ़ी हुई है। सितंबर में मांग 16 हजार मेगावाट से ऊपर पहुंच चुकी है। दूसरी ओर निजी थर्मल पावर प्लांटों की कुछ इकाइयों में तकनीकी खराबी के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है। इससे राज्य में बिजली आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है और औद्योगिक तथा घरेलू उपभोक्ताओं को कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

नई जिम्मेदारी संभालने वाले गुरकीरत कृपाल सिंह के सामने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य करना, पावर निगमों के कामकाज की निगरानी करना और संकट के बीच उपभोक्ताओं को राहत दिलाना बड़ी चुनौती होगी। सरकार के इस फेरबदल को मौजूदा बिजली संकट के बीच महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।

Popular Articles