दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ ने शनिवार को अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली। उन्हें इस साल की शुरुआत में चार साल के कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया था। नोबोआ ने उप राष्ट्रपति मारिया जोस पिंटो के साथ शपथ ली। उनका कार्यकाल मई 2029 तक रहेगा। शपथ ग्रहण के बाद अपने संबोधन में राष्ट्रपति नोबोआ (37 वर्षीय) ने वादा किया कि वह भ्रष्टाचार, मादक पदार्थों की तस्करी और हिंसक अपराधों से निपटना जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह सुधारों को लागू करेंगे और निजी क्षेत्र के सहयोग से रोजगार और निवेश के लिए ठोस आधार बनाएंगे। नोबोआ इक्वाडोर में बढ़ती हिंसा और सशस्त्र गिरोहों से लड़ने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा, हम चार साल की प्रगति के दरवाजे पर खड़े हैं। राजधानी क्विटो में हुए समारोह में अमेरिका के स्वास्थ्य सचिव रॉबर्ट कैनेडी, कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो, पेरू की राष्ट्रपति दीना बोलुआर्ते और कई गणमान्य लोग शामिल हुए। नोबोआ पहली बार नवंबर 2023 में 35 साल की उम्र में राष्ट्रपति बने थे, जब उनके पास ज्यादा राजनीतिक अनुभव नहीं था। उन्होंने अचानक चुनाव में हिस्सा लिया और पूर्व राष्ट्रपति गिलेरमो लासो का अधूरा कार्यकाल पूरा करने के लिए चुने गए, जिन्होंने महाभियोग से बचने के लिए संसद भंग कर इस्तीफा दे दिया था।