देहरादून। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और उससे हुई जन-धन की क्षति पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार नेपाल के प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सभी के सुरक्षित होने की कामना की।
उत्तराखंड के लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी
नेपाल में बाढ़ के कारण कई भारतीय नागरिकों के प्रभावित होने की खबरों के बीच उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने राज्य के लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। यदि उत्तराखंड का कोई नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा है या किसी व्यक्ति के संबंध में जानकारी चाहिए, तो इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
हेल्पलाइन नंबर:
- 0135-2710334
- 0135-2710335
- 0135-2664314
- 0135-2664315
- 0135-2664316
- 8218867005
- टोल फ्री: 1070
नेपाल से उत्तराखंड के पुराने संबंध
सीएम धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था और सामाजिक संबंधों की गहरी विरासत है। उत्तराखंड और नेपाल के बीच विशेष रूप से ऐतिहासिक और पारिवारिक संबंध रहे हैं। पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ लंबे समय से सामाजिक और व्यापारिक रिश्ते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में आई आपदा का दुख उत्तराखंड के लोगों के लिए भी अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट जैसा है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की।
राज्य सरकार ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है।





