सोशल मीडिया पोस्ट के चलते विमानों में लगातार मिल रही बम की धमकियों के चलते नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सोमवार को नागरिक उड्डयन ब्यूरो, सीआईएसएफ और हवाईअड्डा सुरक्षा के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक की थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने कई ऐसे कई अकाउंट को निलंबित कर दिया है, जो सोशल मीडिया पर विमानों में बम होने की धमकी दे रहे थे। पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुछ धमकियां लंदन और अन्य देशों से आई थीं। हवाईअड्डा सुरक्षा में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कई सेक्टरों में बम की कई धमकियां मिली हैं। संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी बम की धमकी भरे कॉल के बारे में सूचित कर दिया गया है, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। अधिकारी ने कहा कि उनके लिए हर खतरा महत्वपूर्ण है। वह इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं, क्योंकि यह यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
सिंगापुर जा रहे विमान में भी बम होने का एअर इंडिया को मिला मेल
सिंगापुर के रक्षा मंत्री डॉ. एनजी इंग हेन ने एक्स पर कहा, ‘एअर इंडिया एक्सप्रेस को एक ईमेल मिला कि सिंगापुर जा रहे विमान AXB684 में बम है। हमारे दो RSAF F-15SGs ने कड़ी मशक्कत की और विमान को आबादी वाले इलाकों से दूर ले गए। आखिरकार आज रात लगभग 10.04 बजे सिंगापुर चांगी हवाईअड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरे। हमारे ग्राउंड बेस्ड एयर डिफेंस (जीबीएडी) सिस्टम और एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (ईओडी) भी सक्रिय हो गए। जमीन पर उतरने के बाद विमान को एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया गया। जांच जारी है।’





