नशे की गिरफ्त में युवा, पुलिस की कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा अवैध धंधा
हल्द्वानी। नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई के दावों के बीच शहर में नशीले पदार्थों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस नशे के सौदागरों को पकड़कर जेल भेज रही है, लेकिन इसके बावजूद नशे का नेटवर्क फल-फूल रहा है। बनभूलपुरा पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की बरामदगी ने एक बार फिर इस कारोबार की जड़ें उजागर कर दी हैं। पुलिस ने एक सौदागर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दर्जनों नशे के इंजेक्शन सहित हजारों रुपये बरामद किए हैं।
बनभूलपुरा कोतवाली में तैनात एस आई ज्योति कोरंगा टीम के साथ चोरगलिया रोड और गौला पुल क्षेत्र में चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान गौला पार्किंग में एक झोपड़ी के पास खड़ा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शानू उर्फ राजा लंगड़ा, निवासी गफूर बस्ती, बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद थेले से 50 इंजेक्शन बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह खुद नशीले इंजेक्शनों का आदी है। कुछ इंजेक्शन खुद इस्तेमाल करता था और बाकी बेचकर अपना खर्च चलाता था। उसके पास से बरामद 1100 रुपये भी इंजेक्शन बेचकर कमाए गए बताए गए हैं।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि इंजेक्शन उसे लाइन नंबर 17 बनभूलपुरा निवासी शानू नाम के युवक ने बेचने के लिए दिए थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





