Top 5 This Week

Related Posts

दो करोड़ के भूमि और कॉटेज सौदे में करोड़ों की ठगी का आरोप, एसएसपी से कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार

हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित अलकनंदा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने भूमि और कॉटेज खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ो रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तहरीर सौंपी है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने न तो संपत्ति की रजिस्ट्री कराई और न ही ली गई रकम वापस की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके मित्र कैलाश सती ने अपनी पार्टनर शुभ्रा गुप्ता समेत अन्य लोगों से मुलाकात कराई। इसके बाद जनवरी 2026 में अल्मोड़ा जनपद के श्रीकोट माडाली क्षेत्र में 12 नाली भूमि और गैबुआ स्थित आठ कॉटेज का करीब दो करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ। आरोप है कि विश्वास के आधार पर उन्होंने बैंक और नकद के माध्यम से कुल 1.56 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया।

पीड़ित का कहना है कि तय समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई गई। लगातार टालमटोल के बाद जब उन्होंने पैसा वापस या रजिस्ट्री कराने की मांग की तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जून माह में लिखित समझौता होने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोग संगठित तरीके से जमीन के नाम पर लोगों से धनराशि लेकर ठगी करते हैं। पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि आरोपियों के विरुद्ध भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामले पहले से विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

पीड़ित ने एसएसपी से कैलाश सती, शुभ्रा गुप्ता, रेखा सती, गौरव सती, स्वाती, रवि कुमार, नंदन सिंह बोरा एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Popular Articles