Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून रोजगार मेले में 249 युवाओं को नियुक्ति पत्र, अजय टम्टा ने किया वितरण

देहरादून। शनिवार को देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय रोजगार मेले में 249 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित रोजगार मेले को संबोधित किया।

देहरादून में नियुक्ति पाने वाले युवाओं में आयकर विभाग के 121, एम्स के 53, भारतीय रेल के 30, डाक विभाग के 20, प्रधान नियंत्रक रक्षा लेखा/नियंत्रक रक्षा लेखा के 18 और भारतीय सर्वेक्षण विभाग के पांच अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय प्रबंधन संस्थान और गृह मंत्रालय में एक-एक अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र मिला।

कार्यक्रम के दौरान अजय टम्टा ने नवनियुक्त युवाओं से आईजीओटी कर्मयोगी से जुड़कर लगातार अपने कौशल को विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा समर्पण और बेहतर जनसेवा के माध्यम से देश के विकास में योगदान दे सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवा ऐसे समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से नए कौशल सीखने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

45 स्थानों पर आयोजित हुआ रोजगार मेला

राष्ट्रीय रोजगार मेले का यह 20वां संस्करण देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस चरण में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। रोजगार मेले के माध्यम से अब तक करीब 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं के साथ उनके परिजन भी पहुंचे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल रहा।

Popular Articles