Top 5 This Week

Related Posts

देशभक्ति के रंग में रंगा उत्तराखंड, सीएम धामी ने परेड ग्राउंड में फहराया तिरंगा; , युवाओं के लिए सात बड़ी घोषणाएं

देहरादून। उत्तराखंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तिरंगा फहराया। समारोह की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।

समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। वहीं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस जवानों के प्रति कृतज्ञता जताई।

आपदा प्रभावितों के साथ सरकार खड़ी

अपने संबोधन में धामी ने हाल में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत और बचाव कार्यों के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल और विद्युत लाइनों को जल्द दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।

युवाओं और उद्योगों पर फोकस

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश के विकास और रोजगार से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने तथा उत्तराखंड का पहला युवा आयोग गठित करने की घोषणा की गई। सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार के लिए अतिरिक्त सहायता देने की बात भी कही गई।

18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू करने का ऐलान हुआ। इसके तहत आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा और बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी। बच्चों के साहस को सम्मान देने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू करने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने 2035 तक विकसित उत्तराखंड बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि सरकार प्रदेश को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

Popular Articles