सिंगापुर। सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सालाना सैलरी में बड़ा इजाफा होने जा रहा है। सरकार के नए वेतन ढांचे के तहत उनका वार्षिक पैकेज 2.2 मिलियन सिंगापुर डॉलर से बढ़कर 3.6 मिलियन सिंगापुर डॉलर हो जाएगा। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 27 करोड़ रुपये सालाना बैठती है। इस बढ़ोतरी के बाद वोंग दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले प्रधानमंत्री के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत करेंगे।
नई व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री के पैकेज में करीब 64 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है। हालांकि, पूरी बढ़ोतरी तत्काल लागू नहीं होगी। 15 अक्टूबर से राजनीतिक पदाधिकारियों को परिस्थितियों और प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 9 प्रतिशत तक का शुरुआती इजाफा मिलेगा। इसके बाद वेतन में आगे की बढ़ोतरी जिम्मेदारी और प्रदर्शन के आधार पर होगी।
मंत्रियों की सैलरी भी बढ़ेगी
सिंगापुर सरकार ने केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि उप प्रधानमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के वेतन में भी संशोधन किया है। उप प्रधानमंत्री का बेंचमार्क वार्षिक वेतन 1.87 मिलियन से बढ़कर 3.06 मिलियन सिंगापुर डॉलर होगा। वहीं कैबिनेट मंत्रियों को उनकी वरिष्ठता और विभाग की जिम्मेदारी के आधार पर 1.80 से 2.88 मिलियन सिंगापुर डॉलर तक का पैकेज मिल सकता है।
वेतन बढ़ाने की वजह क्या है?
प्रधानमंत्री वोंग ने संसद में कहा कि राजनीतिक वेतन एक संवेदनशील मुद्दा है, लेकिन देश को सक्षम नेतृत्व की जरूरत है। सरकार का तर्क है कि प्रतिस्पर्धी वेतन के जरिए निजी क्षेत्र के प्रतिभाशाली लोगों को राजनीति और सार्वजनिक सेवा में आकर्षित किया जा सकता है। सिंगापुर लंबे समय से अपने राजनीतिक वेतन को शीर्ष निजी क्षेत्र के अधिकारियों की कमाई से जोड़कर देखता है।
बढ़ी हुई रकम दान करेंगे वोंग
प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने घोषणा की है कि उनकी सैलरी में होने वाली अतिरिक्त वृद्धि को वह अगले पांच वर्षों तक चैरिटी और जनकल्याणकारी कार्यों में दान करेंगे। उन्होंने माना कि आम नागरिकों की आय की तुलना में राजनीतिक नेताओं का वेतन काफी अधिक है और इसलिए इस मुद्दे पर जनता की निगाह स्वाभाविक है।
सिंगापुर में राजनीतिक वेतन में यह बड़ा संशोधन करीब 15 साल बाद किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य बेहतर नेतृत्व आकर्षित करना और सार्वजनिक प्रशासन की गुणवत्ता बनाए रखना है।





