नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका है, जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के चलते सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में 14 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की आशंका है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कुछ समय के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई के बाद सुबह और शाम को हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम संबंधी चेतावनी क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं, राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का खतरा है। पूर्वी राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम के इस बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है।
दक्षिण भारत में 19 अक्टूबर तक बारिश के आसार
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्व मानसून सक्रिय होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 19 अक्टूबर के बीच केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 15 से 19 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहना सुरक्षित रहेगा।





