नई दिल्ली। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल की रौनक गुरुवार को देश की राजधानी दिल्ली में भी देखने को मिली। गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के नई दिल्ली स्थित आवास पर भव्य आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अग्नि प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ नेता और संत-महात्मा मौजूद रहे।
सांसद अनिल बलूनी और उनकी पत्नी डॉ. दीप्ति बलूनी ने समारोह में पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलूनी और उनके परिवार को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
ढोल-दमाऊ की थाप पर झूमे अतिथि
समारोह में उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से पहुंचे लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। ढोल-दमाऊ की गूंज और पारंपरिक लोकनृत्यों ने पूरे माहौल को पहाड़ी रंग में रंग दिया। अतिथियों ने भी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत का आनंद लिया।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुए। इसके अलावा सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान, उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज व डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।
पलायन रोकने और संस्कृति से जोड़ने का संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम का प्रतीक है। ऐसे पर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, मिट्टी और पारंपरिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। राज्य सरकार लोककला, लोकभाषा और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि वर्ष 2018 में शुरू की गई इगास को पुनर्जीवित करने की मुहिम का उद्देश्य प्रवासियों को अपने पैतृक गांवों से जोड़ना और पहाड़ों से पलायन रोकने में योगदान देना है। उनका मानना है कि इगास जैसे लोकपर्व सीमांत और पर्वतीय गांवों में फिर से रौनक लौटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इगास को बूढ़ी दीपावली भी कहा जाता है। यह दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाने वाला उत्तराखंड का प्रमुख लोकपर्व है।





