Top 5 This Week

Related Posts

दलेर मेहंदी से मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, सीएम धामी ने मीका-दलेर को उत्तराखंड आने का दिया न्योता

देहरादून। उत्तराखंड के टिहरी जिले में कुंजापुरी मेले के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति रोके जाने से उपजा विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों गायक भाइयों दलेर मेहंदी और मीका सिंह को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। 

क्या था पूरा विवाद?

विवाद 18 अक्टूबर को टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान शुरू हुआ था। कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनकी प्रस्तुति पर आपत्ति जताते हुए कार्यक्रम बीच में रुकवा दिया।

मंत्री ने गायक पर लिप-सिंक करने और उनकी स्थिति को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ और मामला चर्चा में आ गया।

मीका सिंह ने उठाया था कलाकारों के सम्मान का मुद्दा

घटना के बाद गायक मीका सिंह ने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि दलेर की तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्होंने कार्यक्रम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाने की कोशिश की। मीका ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की थी।

सीएम धामी ने की पहल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विवाद को सुलझाने के लिए पहले मीका सिंह और फिर दलेर मेहंदी से बातचीत की। उन्होंने कहा कि किसी भी गलतफहमी को संवाद और आपसी सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने दोनों कलाकारों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि देवभूमि में कलाकारों का सदैव स्वागत है।

मीका सिंह की टीम ने किया स्वागत

मंत्री की ओर से माफी मांगे जाने के बाद मीका सिंह की टीम ने इस पहल का स्वागत किया। टीम ने कहा कि कलाकारों की गरिमा और सम्मान का ध्यान रखना जरूरी है। साथ ही उम्मीद जताई कि अब इस मामले को पीछे छोड़कर आपसी सम्मान के साथ आगे बढ़ा जाएगा।

इस घटनाक्रम के बाद कुंजापुरी मेले में हुए विवाद के समाप्त होने की उम्मीद है।

Popular Articles