हल्द्वानी। तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। बेकाबू स्कार्पियो की चपेट में आए चारों युवकों की मौत हो गई। तीन युवकों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय आदित्य टम्टा ने देर रात आईसीयू में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। रविवार को चारों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
शनिवार रात करीब 10 बजे लालकुआं की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर पर सड़क किनारे खड़े चार युवकों पर चढ़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो के पहिये तक निकल गए और चारों युवक कई मीटर दूर जा गिरे। मौके पर उनकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।
हादसे में 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव, 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव तथा 18 वर्षीय आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सभी को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय लेकर पहुंची, जहां राहुल, शिवम और अंशु को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं आदित्य को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात करीब एक बजे उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने स्कार्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई भीषण सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें अनेक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षा उपायों की कमी बनी हुई है। लोगों ने इस ब्लैक स्पॉट पर ठोस सुरक्षा इंतजाम करने और तेज रफ्तार पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है।





