हल्द्वानी। तीनपानी से लालकुआँ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत कर दिया है। नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई के निर्देशों के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे उच्च गुणवत्ता की प्रकाश व्यवस्था, कन्वैक्स मिरर, रंबल स्ट्रिप, थर्मोप्लास्ट मार्किंग तथा दिशा-सूचक एवं चेतावनी बोर्ड स्थापित कर दिए हैं।
गौरतलब है कि गत 4 जुलाई को नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई की अध्यक्षता में एनएचएआई, परिवहन विभाग और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने तीनपानी क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रोशनी बढ़ाने, सर्विस रोड को सुरक्षित बनाने और यातायात संकेतकों की व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया था।
एनएचएआई ने पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्बाध प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार डीजी सेट भी खरीदे हैं, जिनका ट्रायल जारी है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में इन्हीं डीजी सेटों के माध्यम से हाईवे की लाइटें संचालित की जाएंगी, जिससे रात के समय भी मार्ग पूरी तरह रोशन रहेगा और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा किसी भी स्थिति में रॉन्ग साइड वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन और आमजन की साझा जिम्मेदारी है तथा सभी के सहयोग से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।





