मदुरै। तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम में कार्तिगई दीपम पर्व के दौरान दीपाथून स्तंभ पर दीपक नहीं जलाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में विरोध प्रदर्शन करने पर भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों के करीब 300 कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर छह अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मदुरै पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को दीपाथून स्तंभ पर दीप प्रज्वलित नहीं किए जाने के विरोध में भाजपा और हिंदू संगठनों के सदस्यों ने प्रदर्शन किया था। पुलिस ने जिन धाराओं में मामला दर्ज किया है, उनमें बिना अनुमति के भीड़ जुटाना, सार्वजनिक शांति भंग करना, विवादित बयान देना और सरकारी कर्मचारियों को उनके काम में बाधा पहुंचाना शामिल है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने कार्तिगई दीपम पर्व के अवसर पर पहाड़ी पर स्थित दीपाथून पत्थर के स्तंभ पर शाम छह बजे दीप जलाने का अंतरिम निर्देश दिया था। हालांकि, मंगलवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दीपाथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बजाय तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ियों पर स्थित उची पिल्लयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर महादीपम प्रज्वलित किया गया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप
इस फैसले के बाद भाजपा और हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हिंदू मुन्नानी से जुड़े याचिकाकर्ता और अधिवक्ता निरंजन एस. कुमार ने राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्धारित स्थान पर दीप जलाने के बजाय पुराने स्थान पर ही दीप प्रज्वलित किया।
उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले में राज्य सरकार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दायर की जा सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने मदुरै के जिला कलेक्टर को पर्व समाप्त होने के तीन दिनों के भीतर स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया है।
कई शहरों में प्रदर्शन, पुलिस ने की कार्रवाई
विवाद का असर तमिलनाडु के अन्य इलाकों में भी देखने को मिला। रामनाथपुरम में हिंदू संगठनों के सदस्यों ने सड़क जाम कर विरोध जताया, जबकि पोल्लाची में हिंदू मुन्नानी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और यातायात सुचारु कराया।
भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने भी राज्य सरकार की कार्रवाई की आलोचना करते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। फिलहाल दीपाथून विवाद को लेकर राज्य में राजनीतिक और धार्मिक तनाव बना हुआ है।





