हल्द्वानी। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक युवक को 986 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चरस जूतों के डिब्बे में छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसआई संजीत राठौड़ अपनी टीम के साथ रामपुर रोड क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सरगम सिनेमा के पास स्थित पार्किंग की ओर से एक युवक संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया, जिस पर उसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के हाथ में मौजूद पॉलीबैग से जूतों का डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बे के भीतर सफेद पॉलीथीन में रखी अवैध चरस मिली।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साबिर हुसैन निवासी ग्राम बघई बैरिया, जिला पश्चिमी चंपारण (बिहार), हाल निवासी मुनगली गार्डन, बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह चरस करीब आधा घंटे पहले संयम खन्ना नामक युवक से 75 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदी थी और इसे रामपुर रोड व बरेली रोड क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप चैट भी बरामद की है, जिसके स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिए गए हैं। बरामद चरस को नियमानुसार सील कर कब्जे में लिया गया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस अब आरोपी द्वारा बताए गए कथित सप्लायर की तलाश में जुट गई है।




