Top 5 This Week

Related Posts

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, लश्कर कमांडर लतीफ भट के घिरे होने की आशंका

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।

कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि कुलगाम में पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम का आतंकियों से सामना हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट घिरा हो सकता है।

सीआरपीएफ हमले से जुड़े हैं तार

गौरतलब है कि सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में आतंकी उमर निसार डार मारा गया था। उसका साथी और लश्कर कमांडर लतीफ भट सुरक्षाबलों की घेराबंदी से बचकर फरार हो गया था। इसके बाद से ही उसकी तलाश में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि उमर निसार डार और लतीफ भट ने 11 नवंबर को अखरान इलाके में सीआरपीएफ नाके पर हमले से पहले कई स्थानों की रेकी की थी। पुलिस की ओर से जारी सीसीटीवी फुटेज में दोनों को 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलाम सहित कई इलाकों में घूमते हुए देखा गया है।

हमले में घायल हुए थे तीन जवान

11 नवंबर को बाइक सवार हमलावरों ने अखरान स्थित सीआरपीएफ नाके पर गोलीबारी की थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि उमर निसार डार पिछले पांच से छह महीनों से लतीफ भट को पनाह और अन्य सहायता उपलब्ध करा रहा था।

फिलहाल सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और फरार आतंकी की तलाश तेज कर दी गई है। मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Popular Articles