सितारगंज में 6, पुलभट्टा में 3, किच्छा में 7 मकान मालिकों पर 10- 10 हजार रुपए का जुर्माना और 18 व्यक्तियों के खिलाफ भी जुर्माने की कार्रवाई
रुद्रपुर। एसएसपी के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से एक विशेष ‘किरायेदार सत्यापन अभियान’ चलाया गया। इस अभियान के तहत किच्छा कोतवाली, पुलभट्टा थाना क्षेत्र में व्यापक जांच-पड़ताल कर नियमों का उल्लंघन करने वाले मकान मालिकों एवं बिना सत्यापन रह रहे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की।
एसएसपी के पीआरओ दफ्तर के मुताबिक थाना पुलभट्टा क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन न कराने वाले 3 मकान मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 10-10 हजार का चालान किया गया है। इसके अलावा बिना सत्यापन के रह रहे 5 व्यक्तियों का भी 250- 250 रुपए का नगद चालान किया। वहीं दूसरी ओर कोतवाली किच्छा क्षेत्र पुलिस ने सत्यापन न कराने वाले 7 मकान मालिकों/व्यक्तियों का पुलिस अधिनियम के अंतर्गत 10- 10 हजार रुपए का चालान काटे। इसके साथ ही पुलिस ने पुलिस अधिनियम के तहत 2 व्यक्तियों का भी ढाई ढाई सौ के नगद चालान की कार्रवाई की गई है।
कोतवाली सितारगंज क्षेत्र
सितारगंज पुलिस ने भी किरायेदार का पुलिस सत्यापन न कराने वाले 6 मकान मालिकों पर भी चालान की कार्रवाई की। सभी का 10- 10 हजार रुपए का जुर्माना यानी चालान किया गया। बिना सत्यापन रह रहे 11 व्यक्तियों का नगद चालान काटे गए। पुलिस ने मकान मालिकों को चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन के किराएदार रखने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस सत्यापन कराने के बाद ही किराएदार रखें।





